बिलासपुर 30 अप्रैल 2026 - सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह IPL मैच और ऑनलाइन लूडो गेम के जरिए सट्टा लगवाता था और अलग-अलग राज्यों तक इसका नेटवर्क फैला हुआ था।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सकरी थाना क्षेत्र की ओम स्पेस कॉलोनी में छापेमारी की। मौके से 7 लोगों को हिरासत में लिया गया, जो संगठित तरीके से ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 21 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, एटीएम कार्ड, पासबुक और एक क्रेटा कार क्रमांक MP 18 ZB 8565 बरामद की है। जब्त किए गए उपकरणों से सट्टे के संचालन और लेनदेन से जुड़े अहम सुराग मिले हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के मोबाइल और लैपटॉप में 2 करोड़ रुपये से अधिक के सट्टा लेनदेन का रिकॉर्ड मौजूद है। इससे गिरोह के बड़े स्तर पर सक्रिय होने की पुष्टि होती है। इस गिरोह का मुख्य आरोपी राहुल छाबड़ा बताया जा रहा है, जो पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रह चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य जुड़े लोगों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी राहुल छाबड़ा (सरगना), पिता मोहन लाल छाबड़ा (30 साल) सरकंडा, बिलासपुर।
ओमप्रकाश नागवानी, पिता विजय कुमार नागवानी (21 साल) सागर (म.प्र.), हाल मुकाम सकरी।
आशीष सोमानी, पिता मनोहर लाल सोमानी (37 साल) बालाघाट (म.प्र.)।
कैलास चावला, पिता चंद्र लाल चावला (26 साल) कटनी (म.प्र.)।
विजय नागवानी, पिता केशव नागवानी (42 साल) कटनी (म.प्र.)।
दिनेश लालवानी, पिता माधव दास लालवानी (19 साल) कटनी (म.प्र.)
विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)।